ग्वालियर।नगर निगम के म्यूजियम में काफी प्राचीन चीजे हैं, संभवत: यह पहला ऐसा शासकीय म्यूजियम हैं जहां विभिन्न प्रकार के शस्त्र रखे गए हैं। इनमें तात्याटोपे से लेकर महारानी लक्ष्मीबाई तक के शस्त्र रखे हैं। साथ ही यहां पर तितलियों का अनूठा संग्रह है। साथ ही 15 फीट से ज्यादा लंबे घड़ियाल को रखा गया है, वहीं 12 फीट लंबा मगर भी है। यहां सोनचिरैया भी है, जाे कि यहां से विलुप्त हो चुकी है। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने ग्वालियर प्रवास के दौरान नगर निगम द्वारा संचालित म्यूजियम का निरीक्षण किया था और कहा था कि इसे अत्याधिक प्रचार प्रसार एवं नए स्वरूप में प्रदर्शित करने की आवश्यकता है।
मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने निगम संग्रहालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जानवरों को देखा था, साथ ही यहां पर राजा महाराजाओं के चित्रों एवं उनके हथियारों को भी देखा था। उन्होंने कहा था कि इसके इनोवेटिव आइडिया को हम एक्सचेंज करेंगे एवं बाहर की एजेंसियों के माध्यम से इसे काेलेवरेशन कराएंगे। इसके साथ ही म्यूजियम के स्वरूप को संरक्षित करते हुए और अधिक विकसित कर इसका प्रचार प्रसार कराने में शासन पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि इस वैभवशाली म्यूजियम की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों को हो तथा इसको अत्याधुनिक तरीके से संरक्षित किया जाए इसके लिए विशेषज्ञों के माध्यम से विस्तृत प्रस्ताव तैयार कराएं। मध्यप्रदेश शासन द्वारा नगर निगम के इस अद्भुत संग्रहालय को अत्यधिक प्रचारित किया जाएगा तथा इसकी हेरिटेज बिल्डिंग का भी रखरखाव किया जाना आवश्यक है। जिस इमारत में यह म्यूजियम है, वह स्टेटकाल के समय की बनी हुई है। इसके अंदर सुरंगे भी हैं, जिसमें से दो तोपें भी निकली थीं।