कुरकुरे न मिलने पर माँ - बहन ने पीटा, बच्चे ने की पुलिस से शिकायत।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली से एक दिलचस्प मामला सामने आया। एक 10 साल के एक बच्चे ने पिटाई होने के बाद पुलिस के इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल लगाया। उसके बाद जो कुछ भी कहा, उसे सुनकर पुलिस अधिकारी सोच में पड़ गए। फिर वास्तविकता जान हैरान हुए बिना नहीं रह पाए।
यह मजेदार वाकया सिंगरौली के खुटार चौकी के अंतर्गत आने वाले चितरवई कला गांव का है। मासूम बच्चे ने जब अपनी मां से 20 रुपये मांगे ताकि वह अपने पसंदीदा कुरकुरे खरीद सके, तो मां और बहन को गुस्सा आ गया। गुस्से में दोनों ने बच्चे को रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। लेकिन इस छोटे से शेर ने हार नहीं मानी और सीधे पुलिस को फोन ठोक दिया। फोन पर बच्चे की शिकायत सुनकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। बच्चा फोन पर रोने लगा, तो पुलिस ने बड़े ही प्यार से उसे ढांढस बंधाया और जल्दी पहुंचने का वादा किया।
सबको आश्चर्य तब हुआ जब हेड कॉन्स्टेबल बच्चे के लिए कुरकुरे का पैकेट लेकर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को कुरकुरे दिए। साथ ही माता-पिता को प्यार से समझाया कि बच्चों की छोटी-छोटी इच्छाएं भी उनके लिए बड़ी होती हैं। उन्होंने हिदायत दी कि बच्चे की आगे से मारपीट ना करें। गुस्से की जगह उन्हें प्यार से समझाना ही बेहतर है।
news desk MPcg