20 साल बाद कुर्सी छोड़ेंगे Nitish Kumar, आखिरी कैबिनेट में दिया बड़ा संदेश !
पटना: Nitish Kumar ने मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की। बैठक में उन्होंने भावुक संबोधन देते हुए कहा कि बिहार में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि राज्य में प्रगति का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
बैठक के बाद Sanjay Singh ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से नई सरकार में मिल-जुलकर काम करने की अपील की। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने पिछले लगभग 20 वर्षों तक राज्य की बागडोर संभालने के लिए नीतीश कुमार का आभार जताया। बैठक के बाद सभी मंत्रियों ने ग्रुप फोटो भी खिंचवाई, जहां माहौल काफी भावुक रहा।
कैबिनेट बैठक में राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने और मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश भी की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, नीतीश कुमार दोपहर 3:15 बजे अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे। वहीं, नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला एनडीए विधायक दल की बैठक में शाम 4 बजे होने की संभावना है।
इधर, सियासी हलचल के बीच कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है और राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। बिहार की राजनीति अब नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है, जहां सभी की नजरें अगले मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हैं।
#nitishkumar #bihar