2 मार्च से प्रदेशभर में बसों का चक्का जाम, नई नीति के खिलाफ आर-पार की लड़ाई
1.
खंडवा। बस डीलर वेलफेयर सोसायटी खंडवा एवं मध्य प्रदेश बस एसोसिएशन के आह्वान पर 2 मार्च 2026 से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन बस हड़ताल की घोषणा कर दी गई है। सागर में 22 फरवरी 2026 को आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया, जिसके बाद खंडवा में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर औपचारिक सूचना दे दी गई।
ज्ञापन के अनुसार, स्टेज कैरिज बसों के संचालन को लेकर लाई गई नई “दमनकारी नीति” से प्रदेश के बस मालिक और संचालक आहत हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी कारण अब 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया है।
सोसायटी ने अपनी प्रमुख मांगों में 24 दिसंबर 2025 एवं 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधनों को वापस लेने/समाप्त करने तथा वर्तमान बस संचालन व्यवस्था को यथावत रखने की मांग की है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशभर में बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुनील आर्य सहित राजीव शर्मा (अध्यक्ष), सुशील जायसवाल (सचिव), मनजीत सिंह अजमानी (कोषाध्यक्ष) समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बस संचालकों ने कहा कि हड़ताल से आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए शासन जिम्मेदार होगा।
अब प्रशासन और बस संचालकों के बीच होने वाली संभावित वार्ता पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

news desk MPcg