PM किसान योजना की 22वीं किस्त जल्द! असम दौरे पर बड़ा ऐलान कर सकते हैं PM Narendra Modi

PM किसान योजना की 22वीं किस्त जल्द! असम दौरे पर बड़ा ऐलान कर सकते हैं PM Narendra Modi

भोपाल। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त को लेकर देशभर के किसानों में उत्सुकता बढ़ गई है। संभावना जताई जा रही है कि नरेंद्र मोदी अपने असम दौरे के दौरान योजना की 22वीं किस्त किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर सकते हैं।

जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 13 मार्च को कोकराझार, असम के दौरे पर रहेंगे। यहां वे बोडोलैंड टेरिटोरियल एरियाज डिस्ट्रिक्ट में आयोजित कई सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि कोकराझार में होने वाली इस रैली के दौरान प्रधानमंत्री पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करने की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। इससे पहले 20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को वाराणसी से और 21वीं किस्त नवंबर 2025 में कोयंबटूर से जारी की गई थी।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में करीब 81 लाख 81 हजार 751 किसान इस योजना का लाभ ले रहे हैं। वहीं सरकार अपात्र लाभार्थियों की पहचान को लेकर सख्ती बरत रही है और पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के करीब 1.66 लाख किसानों के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं।