महाकाल मंदिर में हुए हादसे को पीएम मोदी ने बताया पीड़ादायक

महाकाल मंदिर में हुए हादसे को पीएम मोदी ने बताया पीड़ादायक

होली के मौके पर महाकाल मंदिर में हुए आग के हादसे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ादायक बताया है। उन्होंने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए एक्स पर लिखा की उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में घायल (झुलसे) सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है। इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव यहां ‘श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स)’ पहुंचे और महाकालेश्वर मंदिर में आग लगने की घटना में झुलस गये लोगों के हाल-चाल जाने। इस निजी अस्पताल में इस घटना में झुलसे आठ घायल भर्ती हैं।

 सीएम यादव ने संवाददाताओं को बताया, मैं अस्पताल में झुलसे लोगों का हाल-चाल जान रहा था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोन आया और उन्होंने झुलसे लोगों के हाल-चाल जाने। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी झुलसे लोगों की स्थिति के बारे में फोन पर जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को सूचित किया गया है कि झुलसे लोगों की हालत नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री ने बताया ये लोग 30 से 40 प्रतिशत के बीच झुलसे हैं। चिकित्सक उनका श्रेष्ठ उपचार कर रहे हैं।

होली के त्योहार पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह आग लगने की दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर मंदिर के गर्भगृह में आग लगने से 14 लोग झुलस गए जिनमें पुजारी और सेवक (सहायक) शामिल हैं।