नीरज ने फेंका 90 मीटर से ज्यादा दूर भाला, पीएम मोदी ने दी बधाई
नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग 2025 में 90.23 मीटर भाला फेंककर पर्सनल बेस्ट बनाया और 90 मीटर क्लब में शामिल हुए। जर्मनी के वेबर जूलियन ने 91.06 मीटर के साथ गोल्ड जीता, जबकि नीरज को सिल्वर मेडल मिला। पीएम मोदी सहित पूरा भारत उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व कर रहा है।
भारत के ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग 2025 में कमाल कर दिया है। नीरज चोपड़ा ने जैवलीन थ्रो में 90.23 मीटर दूर भाला फेंककर दुनिया में खलबली मचा दी है। उनकी इस सफलता से भारत में खुशी का माहौल है। नीरज चोपड़ा के इस रिकॉर्ड से पीएम मोदी भी गदगद हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- ‘वाह! क्या शानदार उपलब्धि है! दोहा डायमंड लीग 2025 में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने और अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो हासिल करने के लिए नीरज चोपड़ा को बहुत-बहुत बधाई। यह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और जुनून का ही नतीजा है। उनकी इस सफलता पर पूरा भारत खुश है और गर्व कर रहा है।
भारत के ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को दोहा डायमंड लीग में पहली बार 90 मीटर के पार भाला फेंककर इतिहास रच दिया है। उन्होंने फाइनल में अपने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर भाला फेंककर अपना पर्सनल बेस्ट बनाया। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर था, जो उन्होंने 30 जून 2022 को स्टॉकहोम डायमंड लीग में फेंका था। बेस्ट थ्रो के बावजूद नीरज चोपड़ा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। जर्मनी के वेबर जूलियन ने 91.06 मीटर के साथ गोल्ड मेडल जीता था। नीरज छह में से पांचवें थ्रो तक नंबर एक पर थे, लेकिन छठे और आखिरी थ्रो में जूलियन उनसे आगे निकल गए थे।
90 मीटर की दूरी केवल एक आंकड़ा नहीं थी, बल्कि नीरज चोपड़ा के लिए यह एक चुनौती थी। वह कई बार इस आंकड़े के बेहद करीब पहुंचे थे, लेकिन हर बार 88 या 89 मीटर तक सीमित रह गए। नीरज चोपड़ा ने जब तीसरे प्रयास में यह ऐतिहासिक थ्रो फेंका तो पूरा मैदान झूम उठा। इस प्रदर्शन में उनके नए कोच जान जेलेज्नी की भूमिका अहम मानी जा रही है। उन्होंने हाल ही में जर्मन कोच डॉ. क्लॉस बार्टोनिएट्ज को हटाकर तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जेलेज्नी को अपना कोच बनाया था। इस थ्रो के साथ नीरज अब 90 मीटर क्लब में शामिल हो गए हैं, जिसमें ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान के अरशद नदीम जैसे खिलाड़ी पहले से ही मौजूद हैं। यह उपलब्धि नीरज के लिए सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी एक बहुत बड़ी जीत है।
दोहा में यह नीरज का इस सीजन का पहला बड़ा मुकाबला था, जहां उनका सामना दो बार के वर्ल्ड चैंपियन और 2024 ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन, चेकिया के याकूब वाडलेजच (2024 के दोहा विजेता), जर्मनी के वेबर जूलियन और मैक्स डेह्निंग, केन्या के जूलियस येगो और जापान के रोडरिक जेंकी डीन जैसे दिग्गजों से हुआ। इन सभी को पीछे छोड़ नीरज ने यह रिकॉर्ड बनाया।
news desk MPcg