खंडवा में एक सड़क हादसे में गई, दो लोगो की जान

खंडवा में एक सड़क हादसे में गई, दो लोगो की जान

खंडवा में एक भीषण सड़क हादसे में दो स्कूटी सवार ट्रक की चपेट में आने से जिंदा जल गए. मोरटक्का चौकी के सामने हुए इस दर्दनाक हादसे में विनीत शर्मा और मोहसिन अली की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोग इस घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक दबाव को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, क्योंकि भारी वाहनों पर लगी रोक हाल ही में हटा दी गई थी, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं.

ट्रक ने ई-बाइक को जोरदार टक्कर मारी इसके बाद ट्रक पलट गया। ट्रक के नीचे बाइक सहित सवार दो लोग भी दब गए। ई-बाइक में आग लग गई। जिससे बाइक सहित दोनों युवकों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। देखते-देखते दोनों लोग आग में जिंदा जल गए। सूचना मिलते ही पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा, ओंकारेश्वर तहसीलदार उदय मंडलोई और मोरटक्का चौकी प्रभारी लखन डावर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मशक्कत कर शवों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों पूरी तरह जल चुके थे। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे देर रात तक पुलिस जवानों ने कड़ी मेहनत से खुलवाया।

स्थानीय लोगों ने इस दर्दनाक हादसे के पीछे प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक दबाव को जिम्मेदार ठहराया है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से देशगांव से इंदौर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगी हुई थी, लेकिन हाल ही में राजनीति दबाव में आकर खंडवा कलेक्टर ने इस मार्ग पर फिर से भारी वाहनों की अनुमति दे दी। नतीजतन, इस सड़क पर रोजाना ट्रकों और डंपरों की भरमार है और दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।