सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आक्रोश, विजय शाह के खिलाफ सड़क पर उतरी पार्टी

1 / 1

1.

भोपाल।
भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई न होने को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस महासचिव श्री अमित शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव श्री अमित शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा केस दर्ज करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद मंत्री विजय शाह पर कार्रवाई न होना अत्यंत शर्मनाक और लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विजय शाह को खुला संरक्षण दे रही है, जो संविधान और न्यायपालिका का सीधा अपमान है।

अमित शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया यह दर्शाता है कि उसके लिए सत्ता और मंत्री सर्वोपरि हैं, जबकि कानून, संविधान और जनता की भावनाओं का कोई महत्व नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया जाएगा, तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करेगा?

उन्होंने आगे कहा कि विजय शाह की तत्काल गिरफ्तारी केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक नैतिकता की भी मांग है। कार्रवाई न होना यह संदेश देता है कि कानून सिर्फ आम जनता के लिए है, सत्ता में बैठे लोगों के लिए नहीं।

कांग्रेस महासचिव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। जब तक विजय शाह की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष संविधान, न्याय और जनसम्मान की रक्षा के लिए है।

अंत में अमित शर्मा ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की जिम्मेदारी बेहद अहम है और उन्होंने इस जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।