Maruti का मेगा प्लान: ₹35,000 करोड़ निवेश, 12 हजार नौकरियां और 10 लाख कारों का उत्पादन | Breaking News | Automobile News

1 / 1

1.

नई दिल्ली – मारुति सुजुकी का गुजरात में 35,000 करोड़ रुपये का मेगा प्लांट

भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने गुजरात में एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने का ऐलान किया है, जिसमें करीब 35,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस प्लांट से हर साल लगभग 10 लाख कारों का उत्पादन होगा और 12,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही, आसपास के छोटे और मिडियम इंडस्ट्रीज़ के विकास से लगभग 75 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

कंपनी का उद्देश्य केवल भारत में बढ़ती मांग को पूरा करना नहीं है, बल्कि एक्सपोर्ट मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करना भी है। इस नए प्लांट से मारुति की कुल सालाना उत्पादन क्षमता 24 लाख से बढ़कर लगभग 34 लाख यूनिट तक पहुँच जाएगी। मारुति के एंट्री लेवल मॉडल्स की भारी मांग को देखते हुए यह कदम समय की मांग बन गया है।

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने इस प्लांट के लिए खोरज में 1,750 एकड़ भूमि खरीदी है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पहले चरण के लिए 4,960 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है। उत्पादन की शुरुआत 2029 से होने की संभावना है।

गुजरात में पहले भी मारुति का प्लांट हंसलपुर में है, जो वर्तमान में सालाना 7.5 लाख कारों का उत्पादन करता है और इसे बढ़ाकर 10 लाख यूनिट करने की योजना है। वर्तमान में मारुति सुजुकी के भारत में कुल तीन प्लांट हैं – दो हरियाणा (गुरुग्राम और मानेसर) और एक गुजरात में।

नई यूनिट के बाद मारुति सुजुकी का उत्पादन, रोजगार और एक्सपोर्ट विस्तार सभी में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, जिससे भारत में ऑटोमोबाइल उद्योग को भी मजबूती मिलेगी।