मुंबई | चेक बाउंस मामले में मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं। कर्ज न चुकाने के कारण हाल ही में अदालत ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया था, जिसके बाद राजपाल यादव ने कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। यह पूरा मामला करीब 5 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा हुआ है।
हालांकि, अब राजपाल यादव के लिए राहत की खबर सामने आ रही है। एक-एक कर उनके प्रशंसक और सहयोगी उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे उनका कर्ज धीरे-धीरे कम होना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे और जन शक्ति जनता दल (JJD) के नेता तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव के परिवार की आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है।
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह मानवीय संवेदना के तहत JJD परिवार की ओर से राजपाल यादव के परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनका पूरा दल राजपाल यादव के परिवार के साथ खड़ा है।
इससे पहले अभिनेता सोनू सूद ने भी राजपाल यादव की मदद का भरोसा दिलाया था। वहीं, जैम ट्यून्स (Gem Tunes) के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह ने बड़ा कदम उठाते हुए जैम ट्यून्स फैमिली की ओर से 1 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने राजपाल यादव की कला और योगदान की सराहना करते हुए यह मदद दी है।
बताया जा रहा है कि 5 करोड़ रुपये के कुल कर्ज में से अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये चुकाए जा चुके हैं। मौजूदा स्थिति में राजपाल यादव को जेल से बाहर आने के लिए अभी करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपये की जरूरत है। उम्मीद की जा रही है कि लगातार मिल रही मदद से जल्द ही उन्हें राहत मिल सकेगी।