भोपाल: राशन व्यवस्था पर फूटा गुस्सा, वार्ड 74 दामखेड़ा में लोग परेशान

भोपाल: राशन व्यवस्था पर फूटा गुस्सा, वार्ड 74 दामखेड़ा में लोग परेशान

भोपाल के Damkheda स्थित वार्ड 74 में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। 11 मार्च से शुरू हुआ राशन वितरण अब तक सुचारू नहीं हो पाया है, जिससे आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि राशन दुकान पर सुबह टोकन दिए जाते हैं, जबकि राशन शाम को बांटा जाता है। इस अव्यवस्थित प्रक्रिया के चलते लोगों को कई-कई दिनों तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सुबह 6 बजे से ही लोग लाइन में खड़े हो जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई जरूरतमंदों को राशन नहीं मिल पा रहा।

सबसे बड़ी समस्या दुकान के अनियमित समय को लेकर सामने आ रही है। नागरिकों का कहना है कि दुकान खोलने का समय तय नहीं है, लेकिन बंद करने का समय निश्चित रहता है। कई बार टोकन लेने के बाद भी 2-3 दिन तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

इस अव्यवस्था के कारण लाइन में खड़े लोगों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति भी बनने लगी है। वहीं, महीने की 25 तारीख के बाद दुकान बंद कर दिए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे गरीब परिवारों को उनका हक का राशन नहीं मिल पा रहा।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, समय निर्धारित किया जाए और सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में जनता को राहत मिल सके।