खगौल-पुणे ट्रेन की महिला बोगी में युवक का शव मिलने से सनसनी, दरवाजा अंदर से बंद
दानापुर स्टेशन पर मचा हड़कंप बिहार के दानापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुणे से आई एक स्पेशल ट्रेन (01449) की महिला बोगी से एक अज्ञात युवक का संदिग्ध शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और एफएसएल (FSL) की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
लगेज कैरियर पर बेल्ट से लटका मिला शव
हैरान कर देने वाली बात यह है कि युवक का शव महिला बोगी की सीट संख्या 16 से 19 के ऊपर बने लगेज कैरियर (सामान रखने की जगह) में बेल्ट के सहारे लटका हुआ था। ट्रेन शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे कई घंटे की देरी से दानापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची थी।
अंदर से बंद था दरवाजा, खिड़की के रास्ते घुसी पुलिस
ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के बाद जब सफाईकर्मी और आरपीएफ के जवान बोगी की जांच करने पहुंचे, तो महिला कोच का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद था। काफी आवाज देने और प्रयास करने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो जवानों ने सूझबूझ दिखाई और इमरजेंसी खिड़की के रास्ते बोगी के अंदर दाखिल हुए, जहां सामने युवक का शव लटका हुआ था।
जेब से मिला सिर्फ रूमाल, पहचान बनी पहेली
मृतक युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिसने मैरून रंग की टी-शर्ट और काले रंग की जींस पहनी हुई थी। पुलिस को उसकी जेब से कोई भी पहचान पत्र, ट्रेन टिकट या मोबाइल फोन नहीं मिला है; केवल एक रूमाल बरामद हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक के पैरों में जूते या चप्पल भी नहीं थे, जिससे हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं पर सस्पेंस गहरा गया है।
8 से 10 घंटे पुराना है शव, FSL टीम ने जुटाए सबूत
रेल थानाध्यक्ष के मुताबिक, शुरुआती जांच और शव की स्थिति को देखकर लग रहा है कि मौत करीब 8 से 10 घंटे पहले हुई है। पुलिस ने घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया, जिसने बोगी से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और कई अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रयागराज (इलाहाबाद) के बाद बोगी में नहीं था कोई यात्री
रेल डीएसपी कंचन राज ने मामले में एक महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इलाहाबाद (प्रयागराज) स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद इस महिला बोगी में कोई भी यात्री सवार नहीं हुआ था। ऐसे में यह मौत एक गहरी पहेली बन गई है कि आखिर बोगी का दरवाजा अंदर से कैसे बंद हुआ और युवक बोगी के अंदर तक कैसे पहुंचा। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।
news desk MPcg