गुजरात के मोरबी में भीषण सड़क हादसा तेज रफ्तार डंपर से टकराई कार, एक ही गांव के 5 युवकों की दर्दनाक मौत

गुजरात के मोरबी में भीषण सड़क हादसा तेज रफ्तार डंपर से टकराई कार, एक ही गांव के 5 युवकों की दर्दनाक मौत

गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। चरड़वा गांव के बाहरी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार फैक्ट्री से निकल रहे एक डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सात लोगों में से पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि सभी युवक रणछोड़गढ़ गांव के रहने वाले थे और अपने घायल साथी परेश दहैया को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। परेश पहले मानसर गांव के पास बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी जान बचाने की कोशिश में दोस्त उसे कार से अस्पताल पहुंचाने के लिए तेजी से निकल पड़े, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री से निकल रहे डंपर और कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद रणछोड़गढ़ गांव में मातम का माहौल है। एक साथ पांच युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और डंपर चालक से पूछताछ की जा रही है।