अजय देवगन और तब्बू की फिल्म 'औरों में कहां दम था' का नया गाना 'जहां से चले थे' कल होगा रिलीज
फिल्म 'औरों में कहां दम था' का एक और गाना जल्द ही रिलीज होने वाला है। नीरज पांडे ने इस फिल्म में अजय देवगन के किरदार से पर्दा उठाते हुए दर्शकों को एक नई झलक दी है।
अजय देवगन और तब्बू की जोड़ी वाली फिल्म 'औरों में कहां दम था' की रिलीज डेट में अगर बदलाव न हुआ होता तो अब तक यह फिल्म रिलीज हो चुकी होती। 5 जुलाई इसकी रिलीज डेट रखी गई थी, लेकिन अचानक इसे आगे बढ़ा दिया गया। नीरज पांडे के निर्देशन में बनी इस फिल्म का जो दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं उनके लिए खुशखबरी है। इस फिल्म का नया गाना रिलीज होने जा रहा है, जिसका टीजर आज सामने आया है।
इस फिल्म के अब तक जितने भी गाने रिलीज हुए हैं, सभी को खूब पसंद किया गया है। म्यूजिकल लव स्टोरी पर आधारित इस फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता एमएम कीरावणी ने संभाली है। आज मेकर्स ने इस फिल्म के एक और गाने 'जहां से चले थे' का टीजर जारी किया है। पूरा गाना कल, बुधवार 18 जुलाई को रिलीज होगा। अब तक रिलीज हुए गानों की तरह यह भी शानदार लग रहा है।
फिल्म 'औरों में कहां दम था' अपने गानों से लेकर ट्रेलर तक, खूब चर्चा में है। कल रिलीज होने वाले गाने के टीजर में जेल का सीन दिखाया गया है। इस टीजर में कृष्णा (अजय देवगन) को वासु से मिलने के लिए तरसते हुए दिखाया गया है। 'जहां से चले थे' गाना सुनिधि चौहान और जुबिन नौटियाल ने गाया है। यह फिल्म 2 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
गाने के टीजर के अलावा, निर्देशक नीरज पांडे ने अजय देवगन के किरदार कृष्णा से भी परिचय कराया है। फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए उन्होंने लिखा है, 'कृष्णा का परिचय! बेहद चंचल, आवेगशील है, लेकिन रोमांटिक है'। नीरज पांडे का यह दिलचस्प कैप्शन अजय देवगन के किरदार का परिचय दे रहा है। फिल्म देखने के लिए बेकरार दर्शकों के लिए यह एक तोहफा है।
नीरज पांडे के इस पोस्ट पर यूजर्स खुशी जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'आपका तो जलवा ही अलग है बॉस'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'कृष्णा को जाने बिना ही हमें सिनेमाघरों में उसे देखने का इंतजार है'।
Newsdesk