जीत के साथ ही भारतीय टीम ने रच दिया इतिहास, रोहित शर्मा ने भी हासिल की खास उपलब्धि
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 47वें मुकाबले में शनिवार को भारतीय टीम ने बांग्लादेश टीम को 50 रन से हराया। बांग्लादेश को हराकर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत की है साथ ही इतिहास भी रच दिया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 47वें मुकाबले में शनिवार को भारतीय टीम ने बांग्लादेश टीम को 50 रन से हराकर इतिहास रच दिया है ,जिसके बाद भारतीय टीम अब श्रीलंका टीम की बराबरी कर ली है। इंडिया अब टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है।
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 49 मैच खेले हैं। इस दौरान टीम को 33 मुकाबलों में जीत मिली है। साथ ही 15 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है और 1 मैच बेनतीजा भी रहा है। दूसरी ओर श्रीलंका टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 53 मैच खेले हैं। इस दौरान लंकाई टीम ने 33 में जीत दर्ज की है और 21 में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है। सुपर-8 के अपने अगले मैच में अगर भारतीय टीम कंगारूओं को मात देती है तो टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन जाएगी। बांग्लादेश को हराकर कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक खास कीर्तिमान पर कब्जा जमाया है। वह दूसरे सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने युगांडा के कप्तान ब्रायन मसाबा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा ने अब तक 59 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। इस दौरान उन्होंने 46 में जीत दर्ज की है। साथ ही 12 मुकाबलों में हार मिली है और 1 मैच टाई भी रहा है।
Newsdesk