दिल्ली में परिवहन मंत्रियों की बड़ी बैठक, सड़क सुरक्षा पर केदार कश्यप ने रखा छत्तीसगढ़ का मॉडल

कैशलेस इलाज से लेकर फिटनेस सेंटर तक, परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां | शून्य प्राणहानि जिला’ की दिशा में कदम, रायपुर बना सड़क सुरक्षा का मॉडल

1 / 1

1.

रायपुर |
छत्तीसगढ़ के परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित सभी राज्यों के परिवहन मंत्रियों की अहम बैठक में भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करना रहा। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों में अधिकतर मौतें ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, इसलिए सीट बेल्ट, हेलमेट और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ में संचालित परिवहन योजनाओं, सड़क सुरक्षा अभियानों और विभागीय उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि राज्य में ओवरलोडिंग के खिलाफ कठोर कार्रवाई, तकनीकी निगरानी और नियमित जांच से दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री कश्यप ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में 8 ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जिससे वाहनों की तकनीकी जांच पारदर्शी और सटीक हुई है। जल्द ही कई नए जिलों में भी ये केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

इसके साथ ही सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा, स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता अभियान और ‘शून्य प्राणहानि जिला’ जैसी पहलों पर भी चर्चा हुई। बैठक से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि केंद्र और राज्य मिलकर सुरक्षित, आधुनिक और नियमबद्ध परिवहन व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।