सागर में आज पहुंचेगी धीरेंद्र शास्त्री की रथयात्रा:बम्होरी चौराहे पर होगा भव्य स्वागत, बालाजी मंदिर में पूजन-हवन के बाद सजेगा दिव्य दरबार

सागर में आज पहुंचेगी धीरेंद्र शास्त्री की रथयात्रा:बम्होरी चौराहे पर होगा भव्य स्वागत, बालाजी मंदिर में पूजन-हवन के बाद सजेगा दिव्य दरबार

सागर पहुंचेगी धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा, बम्होरी चौराहे पर होगा स्वागत

बालाजी मंदिर में पूजन-हवन के बाद लगेगा दिव्य दरबार, 14 अक्टूबर की सुबह मकरोनिया होते हुए कर्रापुर के लिए रवाना होगी यात्रा

बम्होरी चौराहे पर होगा रथयात्रा का स्वागत

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा मंगलवार शाम सागर पहुंचेगी। 11 अक्टूबर को बागेश्वर धाम से शुरू हुई यह यात्रा पन्ना और दमोह होते हुए सागर जिले में प्रवेश करेगी। गढ़ाकोटा और रहली से होते हुए रथयात्रा शहर के बम्होरी चौराहे पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा आरटीओ मार्ग से होते हुए बालाजी मंदिर परिसर पहुंचेगी।

बालाजी मंदिर में पूजन-हवन के बाद दिव्य दरबार

बालाजी मंदिर परिसर में शिष्य मंडल और सुंदरकांड मंडल की ओर से रथयात्रा का स्वागत किया जाएगा। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के मंच पर पहुंचने से पहले करीब 51 बटुकों द्वारा स्वस्ति वाचन किया जाएगा। इसके बाद हनुमान चालीसा की चौपाइयों का पाठ और हवन होगा। धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद रात में दिव्य दरबार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को संकल्प भी दिलाएंगे।

14 अक्टूबर की सुबह आगे रवाना होगी यात्रा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे बालाजी सरकार की पूजा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और ध्वज वंदन किया जाएगा। फिर रथयात्रा मोतीनगर चौराहा, ओम स्टील, रेलवे ब्रिज और भगवानगंज होते हुए मकरोनिया पहुंचेगी। यहां रजाखेड़ी चौराहे पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

मकरोनिया से बंडा होते हुए कर्रापुर जाएगी रथयात्रा

मकरोनिया में स्वागत कार्यक्रम के बाद रथयात्रा बंडा की ओर रवाना होगी और कर्रापुर पहुंचेगी। यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं के स्वागत और कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रशासन ने सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था की

रथयात्रा और धार्मिक कार्यक्रम को लेकर बालाजी मंदिर परिसर में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा।