पानीपत कोर्ट में गवाह पर हमला, 5 गाड़ियों में तोड़फोड़
पानीपत। पानीपत कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वकीलों के चैंबरों की बिल्डिंग के पीछे पार्किंग में गवाही देने आए एक युवक पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि 5-6 युवकों ने लाठी-डंडों, गंडासियों और लोहे की रॉड से युवक की जमकर पिटाई की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से काफी खून बहने लगा। परिजन उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
कोर्ट में तारीख पर आया था युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच विवाद का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी मामले में दोनों पक्ष तारीख और गवाही के लिए कोर्ट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वकीलों की बिल्डिंग के पीछे पार्किंग में शिकायतकर्ता पक्ष मौजूद था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 5-6 युवक वहां पहुंचे और अचानक लाठी-डंडों, गंडासियों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमलावरों ने युवक को पीटने के साथ मौके पर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पांच गाड़ियों के शीशे तोड़े
हमले के दौरान आरोपियों ने पार्किंग में खड़ी करीब 5 गाड़ियों में तोड़फोड़ की। गोपाल कॉलोनी निवासी अजय ने बताया कि वह रजिस्ट्री के सिलसिले में अपने वकील से मिलने अर्टिगा गाड़ी से कोर्ट आया था। उसने गाड़ी पार्किंग में खड़ी की और वकील के पास चला गया।
कुछ देर बाद झगड़े की जानकारी मिलने पर जब वह बाहर आया तो उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की जा चुकी थी।
गाड़ी से 2.50 लाख रुपए वाला बैग गायब
अजय के मुताबिक, उसकी गाड़ी में एक बैग रखा हुआ था। इसमें रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों के अलावा 2.50 लाख रुपए कैश भी रखा था। तोड़फोड़ के बाद बैग गाड़ी में नहीं मिला। अब पुलिस मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और बैग गायब होने की शिकायत को लेकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के साथ घटनास्थल की जानकारी जुटाई। मामले में हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस कोर्ट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना में शामिल आरोपियों और बैग में रखी रकम के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
news desk MPcg