उज्जैन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाना है। फिलहाल सीरीज 1-1 की बराबरी पर है और ऐसे में मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने आस्था का सहारा लिया।

शनिवार सुबह टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और स्पिनर कुलदीप यादव उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भस्म आरती में भाग लिया और भगवान महाकाल का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया।
इससे पहले भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, विकेटकीपर केएल राहुल समेत टीम के अन्य सदस्य भी बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। शनिवार सुबह विराट कोहली, कुलदीप यादव के साथ फील्डिंग कोच टी दिलीप भी मंदिर परिसर में नजर आए। दोनों खिलाड़ियों ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए और भगवान शिव की आराधना की।
विराट कोहली और कुलदीप यादव महाकाल में गहरी आस्था रखते हैं और समय मिलने पर अक्सर उज्जैन दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरे को विराट के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि इंदौर के होलकर स्टेडियम में उनका पिछला रिकॉर्ड ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है। यहां चार पारियों में उन्होंने केवल 99 रन बनाए हैं और अब फैंस को उम्मीद है कि महाकाल के आशीर्वाद से उनका बल्ला चलेगा।
दर्शन के बाद मंदिर परिसर के बाहर विराट के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों खिलाड़ी बाहर निकले। वहीं कुलदीप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महाकाल के दर्शन से सुकून मिला है और भगवान की कृपा रही तो आने वाले मुकाबलों और टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेगी।
अब सबकी निगाहें 18 जनवरी को इंदौर में होने वाले निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत की कोशिश सीरीज जीतने की होगी।