बीजापुर में पुलिस और नक्सलियों में जबरदस्त मुठभेड़, 2 माओवादी ढेर

1 / 1

1.

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल पार्क क्षेत्र के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में अब तक दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, इलाके में कुख्यात नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे। इसी दौरान नेशनल पार्क क्षेत्र में उनकी नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। मौके से AK-47 राइफल बरामद होने की भी सूचना है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

बीजापुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल जवानों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा सकती, ताकि जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस के मुताबिक, पिछले डेढ़ साल में 23 बड़े नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें माड़वी हिड़मा, बसवराजू, गणेश उइके जैसे कुख्यात नाम शामिल हैं। वहीं भूपति, रूपेश और रामधेर जैसे कई बड़े नक्सलियों ने सैकड़ों साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया है।

फिलहाल नक्सल संगठन में केवल देवजी, गणपति और मिशिर बेसरा जैसे शीर्ष नेता बचे हैं। वहीं बस्तर क्षेत्र में पापाराव और देवा की तलाश तेज कर दी गई है। सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि इस ऑपरेशन से नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा।