TMC में बढ़ी सियासी हलचल, कई सांसदों के बागी होने की चर्चा तेज

TMC में बढ़ी सियासी हलचल, कई सांसदों के बागी होने की चर्चा तेज

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को लेकर हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि पार्टी के कई लोकसभा सांसद जल्द बड़ा फैसला ले सकते हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर टीएमसी सांसद प्रतिमा मंडल, माला रॉय, मिताली बाग और सायोनी घोष की मौजूदगी ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी। बैठक में पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के पहुंचने से भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक करीब एक घंटे तक चली, जिसमें भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। हालांकि बैठक में क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दावा किया जा रहा है कि टीएमसी के कई सांसद पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं और आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष को एक पत्र सौंपा गया है, जिस पर 19 सांसदों के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं। इन नामों में शत्रुघ्न सिन्हा और यूसुफ पठान का भी जिक्र किया जा रहा है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच ममता बनर्जी की कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद टीएमसी और कांग्रेस के संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने साफ कहा है कि फिलहाल कांग्रेस में शामिल होने जैसी कोई योजना नहीं है। पूरे घटनाक्रम पर अब सभी की नजर टीएमसी नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई है।