सरकार का बड़ा फैसला: ज्यादा एथेनॉल वाले पेट्रोल पर खत्म हुई एक्साइज ड्यूटी

सरकार का बड़ा फैसला: ज्यादा एथेनॉल वाले पेट्रोल पर खत्म हुई एक्साइज ड्यूटी

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने ईंधन क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए 22 से 30 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी है। सरकार की अधिसूचना के अनुसार अब ई-22, ई-25, ई-27 और ई-30 श्रेणी के पेट्रोल पर कोई एक्साइज ड्यूटी नहीं लगेगी।

सरकार का मानना है कि इस फैसले से तेल कंपनियों, किसानों और उपभोक्ताओं सभी को लाभ मिलेगा। अधिक एथेनॉल मिश्रण से पेट्रोल की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाने में मदद मिलेगी, जिससे कीमतों को स्थिर रखने में भी सहूलियत हो सकती है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यह कदम ईंधन आपूर्ति को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

एथेनॉल कृषि आधारित उत्पाद होने के कारण इससे किसानों की आय बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है। एक्साइज ड्यूटी हटने के बाद अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल, ई-20 और प्रीमियम पेट्रोल की तुलना में सस्ता हो सकता है, जिससे इसकी मांग बढ़ने की संभावना है।

हालांकि, फिलहाल सभी वाहन इस ईंधन का उपयोग नहीं कर सकेंगे, लेकिन इससे ऑटोमोबाइल कंपनियों को फ्लेक्स-फ्यूल और एथेनॉल अनुकूल इंजन विकसित करने के लिए बढ़ावा मिलेगा।