सागर हादसा: कार-हाइवा टक्कर में पिता-पुत्री की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
उज्जैन से जीरोन जा रही कार सागर जिले के आगासौद रोड पर किर्रोद के पास हाइवा से टकरा गई, जिसमें कार सवार पिता पवन तिवारी और उनकी बेटी चुन्नू की मौके पर मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
उज्जैन से ललितपुर के पास जीरोन जा रही कार क्रमांक एमपी 13 सीडी 2722 सागर जिले की बीना तहसील अंतर्गत आगासौद रोड पर ग्राम किर्रोद के पास हाइवा क्रमांक एमपी 40 जेडएफ 8298 से टकरा गई। मोड़ पर हुए हादसे में कार सवार पिता, पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार उपरांत सागर रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार उज्जैन निवासी पवन पिता अशोक तिवारी उम्र 40 वर्ष अपनी पत्नी रिंकू तिवारी 35 वर्ष, बेटी चुन्नू तीन वर्ष तथा रिश्तेदार शुभम पिता अवधेश समाधिया 29 वर्ष ललितपुर तथा रोहित पिता प्रसन्न पुरोहित 26 वर्ष निवासी जीरोन के साथ कार से जीरोन उप्र जा रहे थे। आगासौद रोड पर किर्रोद गांव के आगे मोड़ पर कार सामने से आ रहे हाइवा से टकरा गई। कार पवन चला रहे थे, हादसे के बाद सभी कार के अंदर फंस गए और बुरी तरह से घायल हो गए।
हाइवा सड़क से उतरकर 15 फुट नीचे जाकर खेत में पलट गया। हाइवा में रेत भरी हुई थी। हादसा देख वहां से निकल रहे बुलेरो कैंपर चालक ने गाड़ी रोकी और घायलों को किसी तरह कार से निकालकर कैंपर से अस्पताल पहुंचाया। सुबह साढ़े नौ बजे हुए हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर सागर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी नितेश पटैल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी ली।
हादसे में हुई पिता, पुत्री की मौत
हादसे में कार चालक पिता पवन तिवारी तथा उनकी बेटी चुन्नू की मौत हो गई। पत्नी रिंकू, साढ़ू भाई शुभम समाधिया तथा साला रोहित गंभीर रूप से घायल हैं। आगासौद थाना क्षेत्र में हुए हादसे के बाद पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
news desk MPcg