"‘एकीकृत स्वास्थ्य परिसर’ की अवधारणा को मूर्त रूप दें: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
‘एकीकृत स्वास्थ्य परिसर’ की अवधारणा पर तेजी से हो कार्य: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
गांधी मेडिकल कॉलेज की सामान्य सभा की 19वीं बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के समग्र विकास पर हुआ विस्तार से मंथन
भोपाल, 29 जुलाई
उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समग्र और दूरगामी सुधार की दिशा में ‘एकीकृत स्वास्थ्य परिसर’ (Integrated Health Campus) की अवधारणा को साकार करने के लिए ठोस कार्य योजना बनाकर तेजी से अमल किया जाए। यह मॉडल छात्रों, फैकल्टी, शोधकर्ताओं और मरीजों – सभी के लिए एक साझा और उत्कृष्ट सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
श्री शुक्ल सोमवार को गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), भोपाल की सामान्य सभा की 19वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस एकीकृत परिसर से न केवल चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि इससे आमजन को भी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही परिसर में सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी।
विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण हों: उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि छात्रावासों का जीर्णोद्धार, मल्टी-लेवल पार्किंग, एप्रोच रोड का सुधार, मेडिकल कॉलेज भवन का पुनर्विकास (Redevelopment Plan), फैकल्टी व स्टाफ के लिए आवास और अन्य सहायक सुविधाओं का विकास निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से हो।
श्री शुक्ल ने पिछली यानी 18वीं सामान्य सभा में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट तलब की।
समग्र चिकित्सा अधोसंरचना के विकास पर हुआ व्यापक विमर्श
बैठक में कार्यकारिणी समिति द्वारा लिए गए निर्णयों, आय-व्यय विवरण, बजट प्रस्ताव और विभिन्न अधोसंरचनात्मक एवं शैक्षणिक परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया।
प्रमुख प्रस्तावों में शामिल थे:
-
गांधी मेडिकल कॉलेज में मिल्क बैंक की स्थापना
-
बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का निर्माण
-
प्रोफेसर्स की पदोन्नति प्रक्रिया का त्वरित निष्पादन
-
विद्यार्थियों हेतु आधुनिक छात्रावास सुविधाओं का विस्तार
-
शोध कार्यों को वित्तीय एवं तकनीकी संसाधनों का समर्थन
-
छात्राओं के लिए 200 सीटों और छात्रों के लिए 400 सीटों वाले PG हॉस्टल की प्रगति की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री ने इन सभी कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
हृदय रोगियों को राहत – कैथ लैब और शिक्षण कार्यक्रमों की सराहना
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री शुक्ल को हमीदिया अस्पताल के हृदय रोग विभाग की वर्तमान सेवाओं के संचालन की जानकारी दी गई। यह सेवाएं वर्तमान में ब्लॉक-1 की तीसरी और ग्यारहवीं मंजिल पर संचालित हैं।
उन्हें कैथ लैब, नॉन-इनवेसिव कार्डियोलॉजी लैब और डीएम छात्रों के लिए चल रहे उच्चस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई, जिसकी उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि नवीन कैथ लैब की स्थापना से हृदय रोग से पीड़ित गरीब और जरूरतमंद मरीजों को और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
इन प्रमुख अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, एमपीपीएचएससीएल के प्रबंध संचालक एवं कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री मयंक अग्रवाल, जीएमसी की अधिष्ठाता डॉ. कविता सिंह, चिकित्सा शिक्षा संचालक डॉ. अरुणा कुमार, हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, तकनीकी विशेषज्ञ और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
news desk MPcg