मध्यप्रदेश में गर्मी का कहर: नर्मदापुरम में पारा 40 पार, कल से दो दिन बारिश के आसार
मध्यप्रदेश में गर्मी ने अब तेज़ी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है और लोगों को दिन में तेज धूप व लू का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया, जहां लगातार दूसरे दिन लू चली और अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से करीब 6.6 डिग्री ज्यादा है।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। रतलाम में 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री, धार और खजुराहो में 38.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं दमोह में 38.5 डिग्री और खरगोन में 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा सागर, टीकमगढ़ और सिवनी में भी पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया।
बड़े शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में सबसे ज्यादा 37.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं इंदौर में 37.6 डिग्री, जबलपुर में 37.5 डिग्री और उज्जैन में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ग्वालियर में पारा 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गर्मी के बीच राहत की संभावना भी है। कल से अगले दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाने के आसार हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
news desk MPcg