भोपाल के मशहूर मिलन स्वीट एंड रेस्टोरेंट पर IT का छापा, टैक्स चोरी की आशंका में जांच
भोपाल के MP Nagar स्थित मशहूर Milan Sweet & Restaurant में रविवार को आयकर विभाग की टीम ने सर्वे कार्रवाई की। सुबह अचानक पुलिस के साथ पहुंची इनकम टैक्स विभाग की इन्वेस्टिगेशन टीम को देखकर रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं दुकान के बाहर लोगों की भीड़ भी जुटने लगी।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई कथित तौर पर सेल कम दिखाकर टैक्स चोरी करने की आशंका को लेकर की जा रही है। आयकर विभाग के अधिकारी रेस्टोरेंट के दस्तावेजों और खातों की जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि टीम इनकम टैक्स रिटर्न से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य कागजी दस्तावेजों को खंगाल रही है, ताकि वास्तविक बिक्री और घोषित आय के बीच अंतर का पता लगाया जा सके।
फिलहाल आयकर विभाग की टीम रेस्टोरेंट परिसर में मौजूद रहकर संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि टैक्स चोरी हुई है या नहीं और यदि गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जून 2024 में इसी रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई थी। आग पर काबू पाने के लिए एक दर्जन से अधिक दमकलों को मौके पर बुलाया गया था और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी थी। उस घटना में मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री के साथ कई जरूरी दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए थे।
news desk MPcg