जबलपुर में संस्कार कांवड़ यात्रा के चलते 10 अगस्त को स्कूल बंद, विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित
यातायात व्यवस्था और छात्रों की परेशानी को देखते हुए फैसला, सभी सरकारी-प्राइवेट, CBSE और ICSE स्कूलों पर लागू होगा आदेश
जबलपुर। संस्कार कांवड़ यात्रा और गुप्तेश्वर शाही सवारी यात्रा को देखते हुए जबलपुर शहर के स्कूलों में 10 अगस्त, सोमवार को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार नगर पालिक निगम क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय मान्यता प्राप्त, CBSE और ICSE स्कूलों के छात्रों पर यह आदेश लागू रहेगा।
प्रशासन ने यह निर्णय यात्रा के दौरान संभावित यातायात बाधा और विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए लिया है। हालांकि, स्कूलों में शैक्षणिक कार्य से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को लेकर स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं।
सुबह 7 बजे ग्वारीघाट से शुरू होगी कांवड़ यात्रा
संस्कार कांवड़ यात्रा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे ग्वारीघाट स्थित सिद्धघाट से शुरू होगी। यात्रा शहर के कई प्रमुख मार्गों से होते हुए मटामर स्थित कैलाशधाम भगवान नर्मदेश्वर भोलेनाथ मंदिर पहुंचेगी।
यात्रा का मार्ग इस प्रकार रहेगा—
ग्वारीघाट स्थित सिद्धघाट
रामपुर चौक
गोरखपुर
शास्त्री ब्रिज
मालवीय चौक
लार्डगंज
बड़ा फुहारा
कमानिया गेट
सराफा
लकड़गंज
बेलबाग
घमापुर
कांचघर
सतपुला
गोकलपुर
रांझी
खमरिया स्टेट
मटामर स्थित कैलाशधाम मंदिर
सभी स्कूलों पर लागू रहेगा आदेश
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल कुछ स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी स्कूलों के विद्यार्थियों पर लागू होगा।
इसमें सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूल, CBSE और ICSE बोर्ड से जुड़े विद्यालय भी शामिल हैं।
पाठ्यक्रम की भरपाई अतिरिक्त कक्षाओं से होगी
प्रशासन ने कहा है कि अवकाश के कारण पढ़ाई में होने वाली कमी को पूरा करने के लिए स्कूल प्रबंधन अन्य कार्य दिवसों में अतिरिक्त कालखंड लगाकर पाठ्यक्रम पूरा कराएंगे।
यह आदेश कलेक्टर जबलपुर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किया गया है। प्रशासन ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
news desk MPcg