गया से बैंकॉक के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान, बिहार से थाईलैंड जाना होगा आसान
बिहार के लोगों के लिए इंटरनेशनल एयर कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर है। इंडिगो ने गया और बैंकॉक के बीच सीधी नॉन-स्टॉप उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह नई फ्लाइट सेवा 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी।
गया-बैंकॉक सीधी उड़ान शुरू होने से बिहार के यात्रियों को अब थाईलैंड जाने के लिए दिल्ली, कोलकाता या किसी अन्य शहर से फ्लाइट बदलने की जरूरत कम होगी। खास तौर पर बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों और बौद्ध तीर्थयात्रियों के लिए यह कनेक्टिविटी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सप्ताह में दो दिन चलेगी फ्लाइट
इंडिगो के अनुसार, गया से बैंकॉक के लिए फ्लाइट सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। उड़ान संख्या 6E 1083 गया से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर शाम 5:50 बजे बैंकॉक पहुंचेगी। वहीं बैंकॉक से गया के लिए 6E 1084 फ्लाइट सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:15 बजे गया पहुंचेगी। सभी समय स्थानीय समय के अनुसार होंगे।
बोधगया और थाईलैंड के बीच मजबूत होगा कनेक्शन
गया एयरपोर्ट से बैंकॉक की सीधी उड़ान का सबसे बड़ा फायदा बोधगया को मिल सकता है। बोधगया दुनिया के प्रमुख बौद्ध तीर्थ स्थलों में शामिल है और यहां महाबोधि मंदिर के दर्शन के लिए भारत के अलावा थाईलैंड समेत कई देशों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सीधी एयर कनेक्टिविटी से थाईलैंड से आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए बोधगया पहुंचना आसान होगा। इससे होटल, ट्रांसपोर्ट, पर्यटन और स्थानीय कारोबार से जुड़े सेक्टरों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
टिकट किराया कितना होगा?
गया-बैंकॉक डायरेक्ट फ्लाइट के शुरुआती किराए की आधिकारिक जानकारी अभी स्पष्ट नहीं की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गया से कोलकाता और फिर बैंकॉक जाने वाली वन-स्टॉप फ्लाइट का किराया करीब 15,576 रुपये से शुरू बताया गया है, जबकि यात्रा की तारीख और उपलब्धता के अनुसार किराया बढ़कर करीब 20 हजार रुपये या उससे अधिक भी हो सकता है।
यह सीधी उड़ान बिहार की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दे सकती है। खासकर बोधगया और थाईलैंड के बीच मजबूत बौद्ध सांस्कृतिक संबंधों को देखते हुए इस नए एयर रूट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
news desk MPcg