जापान एशियन गेम्स में टीम इंडिया भेजने पर संशय, BCCI भेज सकता है ‘B टीम’

जापान एशियन गेम्स में टीम इंडिया भेजने पर संशय, BCCI भेज सकता है ‘B टीम’

जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम की भागीदारी को लेकर नया अपडेट सामने आया है। खिलाड़ियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) कथित तौर पर संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में BCCI मुख्य टीम के बजाय भारत की ‘B टीम’ को टूर्नामेंट में भेजने पर विचार कर रहा है।

एशियन गेम्स की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। पुरुष क्रिकेट के मुकाबले 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे, जबकि महिला क्रिकेट के मैच 17 से 22 सितंबर तक होने हैं।

BCCI के एक सूत्र के मुताबिक, बोर्ड जापान में तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक ऑब्जर्वर भेज सकता है। ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय टीम को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अगर खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं तो मुख्य टीम के बजाय दूसरी टीम भेजने का विकल्प चुना जा सकता है।

व्यवस्थाओं को लेकर हुई एक बैठक में जापान ओलंपिक के अधिकारियों के सामने भी कुछ समस्याएं रखी गई थीं। बताया गया कि मैदान पर ड्रेसिंग रूम टेंट में बनाए गए थे और वहां से करीब 500 मीटर की दूरी पर वॉशरूम की व्यवस्था थी। इसके अलावा खिलाड़ियों के होटल के कमरे छोटे होने को लेकर भी चिंता जताई गई।

एशियन गेम्स के लिए BCCI पहले ही भारतीय टीम का ऐलान कर चुका है। श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह दी गई है।