नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए विशाल मिश्रा का बड़ा ऐलान

नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए विशाल मिश्रा का बड़ा ऐलान

नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में सैकड़ों लोगों की जान चली गई, जबकि हजारों लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में भारत की ओर से भी नेपाल के लोगों के प्रति संवेदना जताई जा रही है। बॉलीवुड के कई सितारे सोशल मीडिया के जरिए पीड़ितों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसी बीच मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल मिश्रा ने मदद के लिए बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है।

नेपाल और असम में कॉन्सर्ट करेंगे विशाल मिश्रा

विशाल मिश्रा ने घोषणा की है कि वह नेपाल के साथ-साथ असम में भी लाइव कॉन्सर्ट करेंगे। इन कॉन्सर्ट से होने वाली कमाई को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

सिंगर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर करते हुए लिखा, “जो भी हो रहा है, उसके लिए मेरा दिल बहुत भारी है। ऐसे में मैंने एक फैसला लिया है। मैं नेपाल में एक कॉन्सर्ट करूंगा और असम में भी एक कॉन्सर्ट करूंगा। इससे जो कमाई होगी, उससे बाढ़ पीड़ितों की मदद की जाएगी।”

कॉन्सर्ट की तारीखों का ऐलान जल्द करेंगे 

विशाल मिश्रा ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि वह जल्द ही कॉन्सर्ट से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। उन्होंने अपने कैप्शन में कहा कि वह अपनी तरफ से हर संभव मदद करने की कोशिश करेंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से मजबूत बने रहने की अपील करते हुए लिखा, “हर हर महादेव।”

नेपाल में बाढ़ से भयंकर तबाही

नेपाल में आई बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ में अब तक 626 लोगों की मौत और करीब 2,500 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। भूस्खलन के कारण बनी दो झीलों से भी खतरा बना हुआ है, जिससे हालात और गंभीर होने की आशंका है।

 विशाल मिश्रा कौन हैं ?

34 वर्षीय विशाल मिश्रा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हैं। करियर के शुरुआती दौर में उन्हें लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' में रिजेक्शन का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई।

विशाल मिश्रा को 'कैसे हुआ' गाने से जबरदस्त लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने 'राम आएंगे', 'पहले भी मैं', 'हमदम' और 'चल तेरे इश्क में' जैसे कई लोकप्रिय गानों में अपनी आवाज और संगीत का हुनर दिखाया है। अब नेपाल और असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कॉन्सर्ट करने का उनका फैसला चर्चा में है।