इंदौर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण समेत मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी
इंदौर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण समेत मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी
इंदौर। इंदौर नगर निगम परिसर में सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी सुबह करीब 11:30 बजे निगम कार्यालय पहुंचे और जमीन पर बैठकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने ‘बाहर आकर बात करो’, ‘निगम कमिश्नर इस्तीफा दो’, ‘जातिवाद बंद करो’ और ‘निगम कमिश्नर हाय-हाय’ जैसे नारे लगाए। कर्मचारी निगम आयुक्त के बाहर आकर बातचीत करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग कर रहे थे।
5 अक्टूबर से सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी
सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर 5 अक्टूबर 2026 से इंदौर में सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी विभिन्न मांगों को लेकर कई बार निगम आयुक्त और महापौर को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं हुआ।
नियमितीकरण और वेतनमान समेत कई मांगें
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, वेतनमान, अनुकंपा नियुक्ति, अवकाश नगदीकरण और हर माह वेतन स्लिप उपलब्ध कराना शामिल है।
इससे पहले 24 अगस्त 2026 को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सफाई कर्मचारियों और निगम कर्मचारियों की मांगों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
अब कर्मचारियों के प्रदर्शन और काम बंद करने की चेतावनी के बाद इंदौर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।
news desk MPcg