महिला क्रिकेट में पहली बार भारत Vs जिम्बाब्वे, रायपुर में आज ऐतिहासिक मुकाबला
महिला क्रिकेट में पहली बार भारत Vs जिम्बाब्वे, रायपुर में आज ऐतिहासिक मुकाबला
स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया, शाम 7 बजे से पहला टी-20; शेफाली वर्मा और श्री चरणी पर रहेंगी नजरें
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और जिम्बाब्वे की टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज रायपुर में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस मैच के साथ रायपुर में पहली बार महिला इंटरनेशनल क्रिकेट का आयोजन भी होगा। स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम मैदान पर उतरेगी, जबकि जिम्बाब्वे की टीम सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से खेलेगी।
जिम्बाब्वे को पहली जीत की तलाश, भारत जीत की लय में
रिपोर्ट के मुताबिक, जिम्बाब्वे की महिला टीम ने इस साल 18 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उसे सभी में हार का सामना करना पड़ा है। टीम ने अपनी पिछली जीत सितंबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ दर्ज की थी। दूसरी ओर, भारतीय टीम लगातार 8 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले जीतकर उतर रही है। ऐसे में जिम्बाब्वे के सामने भारतीय टीम की जीत की लय तोड़ने की चुनौती होगी।
शेफाली वर्मा और श्री चरणी पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम की उपकप्तान शेफाली वर्मा ने इस साल 24 टी-20 मैचों में 162.83 के स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन रहा है। वहीं, गेंदबाजी में श्री चरणी ने 23 मैचों में 47 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इकोनॉमी 5.67 रही है। दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती हैं।
जिम्बाब्वे की केलिस एनधलोवु से उम्मीदें
जिम्बाब्वे की बल्लेबाज केलिस एनधलोवु ने इस साल 18 टी-20 मैचों में 320 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 104.23 रहा है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में 48 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली थी। गेंदबाजी में मिचेल मवुंगा ने 10 मैचों में 8 विकेट लिए हैं। जिम्बाब्वे को भारतीय टीम के खिलाफ बेहतर चुनौती पेश करने के लिए इन खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
जेमिमा की गैरमौजूदगी में अनुष्का या निकी को मौका
भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रही हैं और इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में तीसरे नंबर पर अनुष्का शर्मा या निकी प्रसाद को मौका मिल सकता है। दोनों ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। स्पिनर श्रेयंका पाटिल की गैरमौजूदगी में प्रेमा रावत को भी प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है।
रायपुर की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार
रायपुर में अब तक दो पुरुष टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। इस साल जनवरी में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रन का लक्ष्य हासिल किया था। मैच के समय मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन में तापमान करीब 33 डिग्री और शाम को लगभग 28 डिग्री रहने की उम्मीद है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा/निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।
जिम्बाब्वे: केलिस एनधलोवु, बिलव्ड बीजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, क्रिस्टीन मुतासा, न्याशा ग्वांजुरा, चिएड्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), जोसेफिन एनकोमो (कप्तान), कुडजई चिगोरा, लोरिन फिरी और नोमवेलो सिबांडा।
news desk MPcg