मध्यप्रदेश की 29 सीटों के लिए कल होगा मतगणना
लोकसभा चुनाव 2024 के तहत कड़ी सुरक्षा के बीच कल मध्यप्रदेश की सभी 29 संसदीय सीटों के लिए मतगणना होगी।
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे कल आने वाले हैं।वोटों की गिनती के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। पहले डाकमत्रों की गणना होगी, जिसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरु की जाएगी।राज्य में चार चरणों में हुए मतदान के तहत कुल 66.87 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था, जिसमें पुरुष मतदान प्रतिशत 69.37 फीसदी और महिला मतदान प्रतिशत 64.24 रहा। सर्वाधिक मतदान छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र पर 79.83 फीसदी हुआ है, जबकि सबसे कम मतदान उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के रीवा संसदीय सीट पर 49.43 प्रतिशत रहा।
बता दे राज्य में पहले चरण में 19 अप्रैल को छह संसदीय क्षेत्रों बालाघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मण्डला, शहडोल और सीधी में मतदान हुआ। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को भी छह सीटों दमोह, होशंगाबाद, खजुराहो, रीवा, सतना और टीकमगढ़ में मतदान कराया गया। तीसरे चरण में सात मई को प्रदेश की नौ सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें बैतूल, भिंड, भोपाल, गुना, ग्वालियर, मुरैना, राजगढ़, सागर और विदिशा सीट शामिल रहीं। चौथे और अंतिम चरण में 13 मई को प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान हुआ, जिनमें धार, देवास, इंदौर, खण्डवा, खरगोन, मंदसौर, रतलाम और उज्जैन सीट का नाम शामिल रहा।
राज्य में कुल 29 लोकसभा सीट हैं, जिनमें से पिछले चुनाव में छिंदवाड़ा को छोड़कर शेष सभी 28 सीटों पर भाजपा का कब्जा हुआ था। इस बार भाजपा ने इस सीट को भी अपने खाते में लाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।
Newsdesk