MP:महिला सरपंच सम्मेलन में बोले सीएम डॉ. मोहन यादव: महिलाओं के अधिकारों को सशक्त बनाने में जुटी है सरकार
MP:सीएम डॉ. मोहन यादव का बयान:रानी दुर्गावती और देवी अहिल्या की तरह महिलाओं के अधिकारों के लिए काम कर रही है भाजपा सरकार
सीटीटुडे | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास में महिला सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया। इस विशेष सम्मेलन का आयोजन रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें प्रदेशभर की महिला सरपंचों ने भाग लिया।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सरपंचों से संवाद करते हुए उन्हें राखी बंधवाई और उनके अधिकारों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने रानी दुर्गावती और देवी अहिल्या जैसे ऐतिहासिक महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार भी महिलाओं के अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं की भी चर्चा की, जिसमें उज्ज्वला योजना का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। उन्होंने बताया कि सरकार 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है और लाडली बहनों के खाते में 11,500 करोड़ रुपये की राशि जमा की गई है। इसके साथ ही, रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को 1,250 रुपये और 250 रुपये विशेष रूप से प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. मोहन यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो संकल्प पत्र में किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का एकमात्र देश है जो 'भारत माता' और 'धरती माता' की पूजा करता है, और इस सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
इस सम्मेलन में महिलाओं के हित में कोई बड़ी घोषणा होने की संभावना भी जताई जा रही है, जिसका सभी महिला सरपंचों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
Newsdesk