पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान के खिलाफ जारी है पुलिस का एक्शन
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान के खिलाफ जारी है पुलिस का एक्शन
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के खिलाफ कार्रवाई कर सादे लिबास में पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने इसके मुख्यालय पर कथित तौर पर छापा मारा तथा पार्टी के सदस्यों को परिसर में प्रवेश करने से रोका। रिपोर्ट में बताया कि यह छापेमारी खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को भ्रष्टाचार के मामले में 14-14 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाने के एक दिन बाद हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई इस्लामाबाद के सेक्टर जी-8 में इमरान की पार्टी की बैठक से ठीक पहले की गई है। हालांकि, पार्टी ऑनलाइन माध्यम से बैठक करने में सफल रही, जिसमें इसने एक पखवाड़े के भीतर संगठनात्मक चुनाव कराने का फैसला किया। वहीं, इस्लामाबाद पुलिस के अधिकारी ने आरोप से इंकार कहा कि मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना छापेमारी नहीं की जा सकती और ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। उन्होंने दावा किया कि पुलिस टीम सुरक्षा प्रदान करने के लिए वहां गई थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘इमरान और बुशरा बीबी के खिलाफ अदालत का फैसला आने के चलते वहां विरोध प्रदर्शन होने की आशंका थी। पुलिस ने पार्टी मुख्यालय में प्रवेश नहीं किया और बाहर ही रही। पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘‘इस्लामाबाद में पुलिस सादे लिबास वाले लोगों के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंची, गार्ड को हटा दिया और परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया।
Newsdesk