झारखंड में सीएम आवास, राजभवन व ईडी ऑफिस के पास धारा 144 लागू
झारखंड में सीएम आवास, राजभवन व ईडी ऑफिस के पास धारा 144 लागू
रांची। Section 144: झारखंड में सियासी हलचल मची हुई है। इस बीच सीएम आवास व राजभवन के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है। ऐसा झामुमो द्वारा विरोध प्रदर्शन और आक्रोश मार्च को देखते हुए किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सीएम हेमंत सोरेन के आवास, राजभवन और ईडी के जोनल कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई है। इस संबंध में रांची के अनुमंडल अधिकारी आईएएस उत्कर्ष कुमार ने आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, रांची में विरोध प्रदर्शन और आक्रोश मार्च के चलते निषेधाज्ञा लागू की गई है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आदेश में कहा गया है, दलों द्वारा धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली और मार्च निकालने की सूचना मिली है। इस दौरान सरकारी कामकाज और ट्रैफिक प्रभावित न हो इसके लिए धारा 144 लागू की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों भी सीएम से पूछताछ के बाद झामुमो ने प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन किया था। ईडी के नौवें समन के बाद झामुमो ने बंद का ऐलान किया था और रांची में राजभवन का घेराव किया था।
गौरतलब है कि झामुमो ईडी के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाल रही है। जबकि सीएम सोरेन से ईडी की पूछताछ को लेकर सूबे में सियासी हलचल मची हुई है। दिल्ली में सोमवार को सोरेन के घर पर ईडी के अधिकारी पहुंचे थे। इसके साथ ही रांची में भी सोरेन के सरकारी आवास पर टीम पहुंची थी। हालांकि ईडी के नौवें समन पर सोरेन ने जवाब भेजकर कहा है कि वो 31 जनवरी यानी कल सीएम आवास पर ही पूछताछ के लिए हाजिर होंगे। इससे पहले सोरेन से 20 जनवरी को भी ईडी की टीम कई घंटों तक पूछताछ कर चुकी थी।
Newsdesk