प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी, रतलाम में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
मध्य प्रदेश में गर्मी और लू का प्रकोप जारी, रतलाम में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज। अगले तीन-चार दिन मौसम ऐसा ही रहेगा, कई जिलों में लू की संभावना। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के कारण तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव संभव।
मध्य प्रदेश में लगातार चल रही गर्म हवाओं के कारण गर्मी अपने तीखे तेवर दिखा रही है। बुधवार को प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 44.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान रतलाम में 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां लू का प्रभाव भी देखा गया। छिंदवाड़ा में भी लू ने लोगों को परेशान किया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों तक मौसम का यही रुख बना रहेगा। इस दौरान बुरहानपुर, खंडवा, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा जैसे जिलों में भी लू चलने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ पीके रायकवार ने बताया कि जम्मू के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ चुका है। वहीं, पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों में हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा, उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए विदर्भ, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु तक फैली हुई है। गुरुवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने और हवाओं के उत्तर-पश्चिमी दिशा में बदलने से तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है। हालांकि, गर्मी और लू का असर कई शहरों में बना रहेगा। कुछ दिनों बाद बादल छाने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
news desk MPcg