इंदौर: स्कूल बस ड्राइवर की काली करतूत, टीचर से दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेलिंग, पीड़िता ने कपड़ों में लगाई आग

इंदौर में एक स्कूल बस ड्राइवर पर निजी स्कूल की शिक्षिका से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगा है। आरोपी ने आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर धमकाया, जिससे तंग आकर शिक्षिका ने कपड़ों में आग लगा ली। तिलक नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

इंदौर: स्कूल बस ड्राइवर की काली करतूत, टीचर से दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेलिंग, पीड़िता ने कपड़ों में लगाई आग

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल की शिक्षिका के साथ स्कूल बस ड्राइवर द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। तिलक नगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बस ड्राइवर रोहित कल्याणे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने कथित तौर पर शिक्षिका को ब्लैकमेल करने के लिए उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींची थीं, जिसके चलते पीड़िता ने मानसिक तनाव में आकर अपने कपड़ों में आग लगा ली।

स्कूल बस से शुरू हुई दोस्ती, फिर हुआ अपराध

पुलिस के अनुसार, पीड़िता सेमलिया चाऊ क्षेत्र के एक निजी स्कूल में नर्सरी कक्षा की शिक्षिका है। वह वर्ष 2023 से स्कूल की बस से आवागमन कर रही थी। इस दौरान बस ड्राइवर रोहित से उसकी दोस्ती हो गई। दोनों के बीच फोन पर बातचीत और मैसेज का सिलसिला शुरू हुआ। पिछले साल सितंबर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर दोनों एक गणेश मंदिर गए। आरोप है कि रोहित ने शिक्षिका को नशीला पदार्थ मिला पानी पिलाया और बेहोशी की हालत में उसे अपने दोस्त के कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं।

सगाई के बाद बढ़ी ब्लैकमेलिंग

पुलिस ने बताया कि इस साल जनवरी में शिक्षिका की सगाई हो गई थी। इसके बाद रोहित ने तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 13 मार्च को स्कूल से छुट्टी के बाद शिक्षिका बस से घर लौट रही थी। उस समय बस में केवल पांच-छह बच्चे थे। आरोप है कि रोहित ने बस को अपने सहयोगी ड्राइवर शुभम को सौंप दिया और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर शिक्षिका के साथ बस में ही दुष्कर्म किया।

ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उठाया खौफनाक कदम

रोहित की लगातार धमकियों और तस्वीरें वायरल करने के डर से परेशान होकर शिक्षिका ने मानसिक तनाव में अपने कपड़ों में आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद परिजन उसे चोइथराम अस्पताल ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान शिक्षिका ने अपने मामा-मामी को पूरी घटना बताई। इसके बाद मंगलवार को तिलक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने रोहित के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

तिलक नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी रोहित की तलाश कर रही है और सह-ड्राइवर शुभम से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और मेडिकल जांच के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।