शिवपुरी में राशन वितरण में लापरवाही, 700 क्विंटल खराब गेहूं जब्त
शिवपुरी जिले में राशन वितरण में खराब गुणवत्ता के गेहूं की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच की। जुंगीपुर वेयर हाउस में 700 क्विंटल खराब गेहूं पाया गया, जिसका वितरण रोक दिया गया। सीहोर से आए इस अनाज की गुणवत्ता की जांच जारी है।
शिवपुरी जिले में राशन वितरण प्रणाली की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गरीबों को बांटने के लिए भेजे गए सरकारी गेहूं की गुणवत्ता खराब पाई गई है। लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन ने हरकत में आकर जांच करवाई, जिसमें खनियांधाना के जुंगीपुर गांव स्थित वेयर हाउस में 700 क्विंटल गेहूं खराब पाया गया। फिलहाल इस गेहूं का वितरण रोक दिया गया है।
शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
पिछोर, खनियांधाना और खोड़ क्षेत्रों की शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर घटिया गुणवत्ता का गेहूं और चावल पहुंचने की शिकायतें लोगों द्वारा की गई थीं। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें घुन लगा और खराब अनाज दिया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें जो भी सामग्री मिली, वह वेयर हाउस से ही प्राप्त हुई थी।
इन शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन ने जांच के लिए एक टीम गठित की। टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में जुंगीपुर स्थित सरिता वेयर हाउस में 700 क्विंटल गेहूं खराब पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से अलग कर गोदाम में सुरक्षित रखवा दिया गया।
वेयर हाउस में मिला 700 क्विंटल खराब गेहूं
बुधवार को जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर ममता शाक्य तथा पिछोर एसडीएम शिवदयाल सिंह धाकड़ ने जुंगीपुर वेयर हाउस का निरीक्षण किया। जांच में 1400 कट्टे, यानी 700 क्विंटल गेहूं खराब पाया गया। इसे वितरित किए जाने से पहले ही रोक दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर ममता शाक्य ने गोदाम का स्टॉक, परिवहन दस्तावेज़ और अन्य संबंधित फाइलों की भी जांच की। उन्होंने बताया कि खोड़ और तिंधारी की सरकारी राशन दुकानों पर 4 से 5 क्विंटल खराब गेहूं पहुंचा था, जिसे तुरंत गोदाम में वापस बुला लिया गया। वहीं, पिछोर और बिरौली की दुकानों पर करीब 10 से 11 क्विंटल गेहूं वितरण से पहले ही रोक लिया गया।
सीहोर से आया था माल
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह खराब गेहूं 2025-26 की उपार्जन प्रक्रिया के तहत सीहोर जिले से आया था। फिलहाल गोदाम में कुल 20,761 क्विंटल अनाज का स्टॉक मौजूद है। सीहोर से 4,500 बोरी चावल और 9,000 बोरी गेहूं का उठाव किया जा चुका है।
news desk MPcg