मैन्युअल फिटनेस बंद, 100–150 किमी दूर जाने को मजबूर वाहन मालिक

1 / 1

1.

इंदौर संभाग के मोटर मालिकों की अहम बैठक, नई परिवहन नीति पर जताई चिंता

इंदौर।

मध्य प्रदेश में लागू की जा रही नई परिवहन नीति और यात्री परिवहन के लिए बनाई गई नई कंपनी को लेकर प्रदेशभर के बस एवं मोटर मालिकों में बढ़ती आशंकाओं के बीच इंदौर संभाग के मोटर मालिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक 8 जनवरी 2026, गुरुवार को खंडवा रोड स्थित सपना रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। यह बैठक हाल ही में रतलाम में हुए संयुक्त सम्मेलन के निर्णयों के क्रम में बुलाई गई, जिसमें इंदौर–उज्जैन संभाग के 16 जिलों के मोटर मालिक शामिल थे।

बैठक में अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, इंदौर और देवास जिलों के मोटर मालिकों एवं जिला बस ऑपरेटर संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस, नई दिल्ली की आरटीओ एवं ट्रैफिक कमेटी के चेयरमैन श्री सी. एल. मुकाती रहे।

बैठक में मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रस्तावित नई परिवहन नीति, मोटरयान अधिनियम 1988 एवं 1994 में किए जा रहे संशोधनों तथा 22 जनवरी 2026 तक आमंत्रित आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मोटर मालिकों ने चिंता जताई कि पूर्व में संचालित मध्य प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के परिसमापन के बिना ही ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना’ एवं ‘यात्री परिवहन इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड’ नामक नई कंपनी बनाई गई है, लेकिन इसमें वर्तमान निजी बस ऑपरेटरों की भूमिका और भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी 56 जिलों में जिला स्तर पर ज्ञापन एवं पत्रकार वार्ता के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। मोटर मालिक नई नीति को स्पष्ट करने और स्थाई-अस्थाई परमिटधारियों के अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर विधायकों, सांसदों, मंत्रियों, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह एवं परिवहन मंत्री को ज्ञापन और ईमेल भेजेंगे। यह प्रक्रिया 12 और 13 जनवरी को पूरी की जाएगी।

बैठक में अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखते हुए एकजुट होकर मोटर मालिकों के हितों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री सुशील अरोरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन इंदौर जिला अध्यक्ष अजय सिंह चौहान ने किया। बैठक के बाद सभी ने मालवा एवं राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लिया।