सिद्धार्थनगर महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 1052 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात

1 / 1

1.

सिद्धार्थनगर महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 1052 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात

सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पांच दिवसीय सिद्धार्थनगर महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के समग्र विकास को गति देने वाली 1052 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 25 करोड़ की आबादी को परिवार मानकर विकास का अभियान आगे बढ़ाया है और बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर तबके तक पहुंचाया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ चुका है। पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बीमार मानसिकता वाले लोगों ने पूर्वी यूपी को बीमार बना दिया था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने दृढ़ संकल्प के साथ दशकों पुरानी समस्याओं को समाप्त किया। इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी, जिससे हजारों बच्चे दम तोड़ते थे, आज पूरी तरह नियंत्रण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बांटकर विकास नहीं कर सकती। जाति, मत-मजहब और क्षेत्र से ऊपर उठकर समग्र और सतत विकास ही रामराज्य की अवधारणा को साकार करता है। उन्होंने गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं—आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास, शौचालय और राशन योजना—का जिक्र किया।

सीएम योगी ने सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, महिला छात्रावास और ऑडिटोरियम निर्माण को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर को जिले के विकास का नया द्वार करार दिया।

महोत्सव के मंच से दो महिला उद्यमियों की सक्सेस स्टोरी की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें महिला उद्यमिता का आदर्श उदाहरण बताया। अंत में उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।