भोपाल में बड़ी कार्रवाई: आनंद नगर तिराहे से 146 दुकानें ध्वस्त

1 / 1

1.

भोपाल।
शहर के आनंद नगर तिराहे पर शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 146 दुकानों को हटाया गया। सुबह से दोपहर तक चली कार्रवाई में अधिकांश दुकानों को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया। इसके साथ ही यहां स्थित 3 मंदिर, एक शौचालय, पुलिस चौकी और नगर निगम के वार्ड कार्यालय को भी हटाने की तैयारी की जा रही है, जिसकी प्रक्रिया शनिवार को पूरी की जाएगी।

दरअसल, नेशनल हाईवे-146 पर आशाराम तिराहा से रत्नागिरी तिराहे तक 16 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आनंद नगर क्षेत्र में फ्लाईओवर भी प्रस्तावित है। इसी परियोजना के तहत सड़क किनारे बनी दुकानों और पक्के निर्माणों को हटाया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

प्रशासन ने भारी पुलिस बल और नगर निगम के अमले की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गोविंदपुरा एसडीएम भुवन गुप्ता ने बताया कि हटाई गई दुकानों का मुआवजा पहले ही वितरित किया जा चुका है और शेष निर्माणों को भी तय समय में हटाया जाएगा।

उधर, इस कार्रवाई को लेकर पहले से ही विरोध के स्वर उठते रहे हैं। कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी यहां पहुंचे थे और दुकानदारों के समर्थन में आंदोलन की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके, प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई जारी रखी और शनिवार को भी अभियान जारी रहने की बात कही है।