शिवराज का दावा: 12 साल में बदली खेती की तस्वीर, किसानों को मिले 6 बड़े फायदे

शिवराज का दावा: 12 साल में बदली खेती की तस्वीर, किसानों को मिले 6 बड़े फायदे

भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों को लेकर बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में खेती और किसान दोनों की तस्वीर बदल गई है। सरकार की किसान कल्याण योजनाओं ने कृषि को आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है।

शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, पीएम-किसान योजना के तहत 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचाई गई है। वहीं एमएसपी पर 26 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की खरीद, 8 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड और 26 करोड़ सॉयल हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और ई-नाम प्लेटफॉर्म ने किसानों को सुरक्षा और बेहतर बाजार उपलब्ध कराया है।

उन्होंने दावा किया कि जलवायु अनुकूल फसल किस्मों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कृषि सेवाओं और नई तकनीकों के इस्तेमाल से खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। शिवराज ने कहा कि ये केवल सरकारी योजनाओं की सफलता नहीं, बल्कि करोड़ों किसानों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी है। उनके अनुसार आज किसान के चेहरे पर मुस्कान और भविष्य को लेकर नया विश्वास दिखाई दे रहा है।