मंदसौर में कुल्फी खाते ही बीमार पड़े बच्चे, मुंह से निकला झाग, 8 बच्चे अस्पताल में भर्ती, गांव में दहशत

मंदसौर में कुल्फी खाते ही बीमार पड़े बच्चे, मुंह से निकला झाग, 8 बच्चे अस्पताल में भर्ती, गांव में दहशत

गरोठ तहसील के ग्राम कोटड़ा खुर्द व कोटड़ा बुजुर्ग में दूषित आइसक्रीम खाने से एक महिला व 9 बच्चे बीमार हो गए। सभी को भवानीमंडी अस्पताल में ले जाया गया है। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत है और मुंह से झाग आ रहे थे। इनमे दो की हालत गंभीर होने से आईसीयू में रखा गया है।


एक बच्चे की हालत गंभीर 

मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र के कोटड़ा बुजुर्ग गांव में आइसक्रीम खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। बच्चों को उल्टी-दस्त और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जबकि कुछ बच्चों के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। सभी पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. दरबारसिंह ने बताया कि कुल 8 बच्चे उपचाररत हैं। इनमें से एक बच्चे की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों को फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते विशेष उपचार दिया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आइसक्रीम खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। गांव में घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। जांच की जा रही है कि आइसक्रीम कहां से लाई गई थी और उसमें किसी प्रकार की दूषित सामग्री या खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल तो नहीं किया गया था। खाद्य विभाग द्वारा सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, कोटड़ा बुजुर्ग और आसपास के गांवों में “राधिका मटका कुल्फी” नाम से आइसक्रीम बेचने वाले विक्रेता ने ही यह आइसक्रीम बेची थी। बताया जा रहा है कि यही विक्रेता पास के कोटड़ा बुजुर्ग गांव में भी आइसक्रीम बेच चुका था।

एक बच्चे को पहले से था बुखार

इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम रात में ही कोटड़ा बुजुर्ग पहुंची। बीएमओ डॉ. दरबारसिंह ने अस्पताल से डिस्चार्ज हुए बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि गंभीर हालत में भर्ती बच्चे शिवम को पिछले तीन-चार दिनों से पहले से बुखार भी था। इसी कारण उसकी दोबारा जांच कराई जा रही है।

इस घटना में चार बच्चों और एक 50 वर्षीय महिला के बीमार होने की भी जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने गांव में सतर्कता बढ़ा दी है ताकि किसी अन्य व्यक्ति की तबीयत खराब न हो। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरी घटना की जांच में जुटे हुए हैं।