जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के बीच जमकर चलीं लाठियां 11 लोग गंभीर रूप से घायल

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के बीच जमकर चलीं लाठियां 11 लोग गंभीर रूप से घायल

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव में मंगलवार को जमीन के टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया और दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस खूनी खेल में महिला और पुरुषों समेत कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

बच्चों के आम तोड़ने से भड़का तात्कालिक विवाद

घायलों के अनुसार, मंगलवार की सुबह गांव के बच्चे बगीचे में आम तोड़ रहे थे। इसी दौरान वहां परिवार के ही अन्य सदस्य पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब परिजनों ने इसका विरोध किया, तो बात हाथपाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए।

कोर्ट में चल रहा है पुस्तैनी जमीन का मामला

घटना के संबंध में घायल मोहम्मद बाबर ने बताया कि उनके सगे मामा मोहम्मद कमरुज्जमा ने पहले हिस्से में एक बीघा जमीन देने की बात कही थी, लेकिन बाद में वे मुकर गए। यह जमीन विवाद पिछले काफी समय से न्यायालय (कोर्ट) में विचाराधीन है। इसी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे विपक्षियों ने मामूली बात पर जानलेवा हमला कर दिया। दूसरी तरफ, दूसरे पक्ष का आरोप है कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से कागजों में हेरफेर किया गया है।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, ये लोग हुए घायल

मारपीट की इस घटना के बाद बाकरपुर गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल पैदा हो गया। शोर-शराबा सुनकर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए मुंगेर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर सभी घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। दोनों पक्षों से मिले आवेदनों और बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस नजर रख रही है।