भारत की दाल पर टैरिफ से अमेरिका बौखलाया, ट्रंप को लिखा गया कड़ा पत्र

1 / 1

1.

वॉशिंगटन।
अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील एक बार फिर अटकती नजर आ रही है। इस बार विवाद की वजह बनी है दालों पर आयात शुल्क। अमेरिका के दो रिपब्लिकन सांसदों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पत्र लिखकर भारत पर अमेरिकी दालों के आयात से 30 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी हटाने का दबाव बनाने की मांग की है। सांसदों का कहना है कि यह शुल्क गैर-जरूरी है और इससे अमेरिकी किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।

यह पत्र मोंटाना से सीनेटर स्टीव डेन्स और उत्तरी डकोटा से सीनेटर केविन क्रेमर ने लिखा है। दोनों राज्यों को अमेरिका के प्रमुख दाल उत्पादक क्षेत्रों में गिना जाता है। पत्र में कहा गया है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दाल उपभोक्ता है, जिसकी वैश्विक खपत में लगभग 27 फीसदी हिस्सेदारी है। भारत में लेंटिल्स, चना, सूखी दालें और मटर की बड़ी मांग है, लेकिन इन पर अमेरिकी निर्यात के लिए ऊंचे टैरिफ लगाए गए हैं। सांसदों ने बताया कि भारत ने 30 अक्टूबर को पीली दाल पर भी 30 फीसदी शुल्क लगा दिया था।

अमेरिकी सांसदों ने राष्ट्रपति ट्रंप को सलाह दी है कि वे इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करें, ताकि दोनों देशों के बीच सहयोग का रास्ता निकले और अमेरिकी उत्पादकों के साथ-साथ भारतीय उपभोक्ताओं को भी लाभ हो। गौरतलब है कि यह विवाद उस समय और गहरा गया जब अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया, जिसके जवाब में भारत ने आयात शुल्क बढ़ाए। इससे दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों में तनाव लगातार बना हुआ है।