ईरान युद्ध का असर अमेरिका पर भारी, महंगाई तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंची

ईरान युद्ध का असर अमेरिका पर भारी, महंगाई तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंची

वाशिंगटन: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार दूसरे दिन अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिसका सीधा असर अमेरिका में महंगाई पर पड़ा है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, मई महीने में अमेरिका की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.2 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो पिछले तीन वर्षों का सबसे ऊंचा स्तर बताया जा रहा है। पेट्रोल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं का खर्च बढ़ गया है। बढ़ती महंगाई के कारण कई अमेरिकी परिवार अपनी बचत का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं, जबकि वेतन वृद्धि महंगाई की रफ्तार से पीछे चल रही है।

युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी दबाव बढ़ा है और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। इसका असर अमेरिकी शेयर बाजार पर भी पड़ा, जहां निवेशकों की चिंता बढ़ने से बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव लंबे समय तक जारी रहता है, तो महंगाई और आर्थिक दबाव और बढ़ सकते हैं। बढ़ती कीमतें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी सरकार के लिए भी राजनीतिक चुनौती बन सकती हैं, खासकर ऐसे समय में जब अमेरिकी अर्थव्यवस्था और महंगाई दोनों ही चुनावी मुद्दों के केंद्र में हैं।