पावागढ़ शक्तिपीठ में भूस्खलन से दर्दनाक हादसा, दो श्रद्धालुओं की मौत; कई के फंसे होने की आशंका
गुजरात के पंचमहाल जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ पावागढ़ में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन हुआ, जिसमें मलबे और बड़े पत्थरों की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 5 बजे उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहाड़ी पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान पावागढ़ की ढलान पर स्थित ‘पाटियापुल’ के पास अचानक ऊपर से भारी मात्रा में पत्थर और मिट्टी गिरने लगी।
मलबे में दबे श्रद्धालु, दो की मौत
भूस्खलन के कारण कई श्रद्धालु मलबे की चपेट में आ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों के दबे होने की संभावना को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबे को हटाने के लिए मशीनों और बचाव दलों की मदद ली जा रही है।
बारिश बनी हादसे की वजह
पिछले कुछ दिनों से इलाके में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया था। स्थानीय प्रशासन द्वारा सतर्कता बरतने की अपील के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी।
श्रद्धालुओं में दहशत, क्षेत्र में शोक
हादसे के बाद पावागढ़ क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि यह मार्ग बेहद खतरनाक और फिसलन भरा माना जाता है।
news desk MPcg