इंस्टाग्राम पर रील देखकर छाप दिए नकली नोट, Zomato बॉय और Rapido ड्राइवर का कारनामा, तीन ग्रिफ्तार

इंस्टाग्राम पर रील देखकर छाप दिए नकली नोट, Zomato बॉय और Rapido ड्राइवर का कारनामा, तीन ग्रिफ्तार

हैदराबाद में नकली नोटों का खुलासा

हैदराबाद में पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी छापने और उसे बाजार में चलाने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों के पास से 500, 200 और 100 रुपये के कुल 1,124 नकली नोट बरामद किए गए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 2.91 लाख रुपये बताई गई है।

 डिलीवरी और राइडिंग का काम करते थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामावत रामू, रामावत मोतीलाल और रामावत गांधी के रूप में हुई है। रामू Zomato में फूड डिलीवरी का काम करता था, जबकि मोतीलाल Rapido ड्राइवर और गांधी ऑटो चालक बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आर्थिक परेशानियों के बीच आरोपियों ने नकली नोट बनाने का कथित प्लान तैयार किया।

 YouTube-Instagram से सीखा नकली नोट बनाना

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर YouTube और Instagram पर नकली नोट तैयार करने से जुड़े वीडियो देखे थे। इन्हीं वीडियो से जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने नकली करेंसी तैयार करने की कोशिश शुरू की। इसके लिए आरोपियों ने कलर प्रिंटर, स्कैनर, लैमिनेटर और अन्य सामान जुटाया।

 प्रिंटर से लेकर वॉटरमार्क पेपर तक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से कलर प्रिंटर, स्कैनर, लैमिनेटर, पेपर कटर, कागज के बंडल और वॉटरमार्क पेपर समेत कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नकली नोटों को असली करेंसी जैसा दिखाने की कोशिश कर रहे थे। बरामद सामग्री को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

 बाजार में नकली नोट खपाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी तैयार किए गए नकली नोटों को बाजार में चलाने की कोशिश कर रहे थे। कथित तौर पर रात के समय शराब की दुकानों और सब्जी बाजारों में छोटी रकम के नोट खपाए जाते थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।